राज्यपाल ने जिला कारागार में महिला बंदियों को साड़ी व फल वितरित किए

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को जिला कारागार पहुंचकर महिला बंदियों से मुलाकात की और उन्हें साड़ी एवं फल की टोकरी भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कारागार में सेनेटरी पैड वेडिंग मशीन, सेनेटरी डिस्ट्रायर मशीन, एलईडी टीवी और वाटर कूलर का उद्घाटन फीता काटकर किया।
राज्यपाल का स्वागत जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा पौधा भेंट कर तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव एवं जेल अधीक्षक राजेश पांडेय द्वारा पुष्प देकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने बंदियों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वाटर कूलर का प्रयोग करें, लेकिन पानी की बर्बादी न करें।
इस अवसर पर उन्होंने पांच महिला बंदियों को साड़ी व फल की टोकरी वितरित की। महिला बंदियों ने राज्यपाल के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी शिक्षा व सामाजिक योगदान पर चर्चा की।
कारागार परिसर में राज्यपाल ने स्कूली छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन सीखने, कारागार भ्रमण के अनुभवों पर निबंध लिखने और राजभवन भेजने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से कारागार की व्यवस्थाओं, भोजन और सफाई आदि के बारे में जानकारी ली और दोबारा भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने कहा कि बच्चों को थानों का भी भ्रमण कराया जाए, जिससे वे पुलिस व्यवस्था को समझ सकें और यातायात नियमों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने यह भी कहा कि कारागार में बंदियों के मानसिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए धार्मिक एवं कथावाचक चैनल दिखाए जाने चाहिए।
दहेज प्रथा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह सामाजिक अपराध का प्रमुख कारण है, जिसे रोकने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सास को बहू को बेटी के समान समझना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने 65 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों, जिनकी सजा दो-तीन वर्ष शेष है या जो कैंसर पीड़ित हैं, उनके विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि राज्यपाल द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।






