घर में विस्फोट होने के मामले में चार पर एफआईआर
बिना लाइसेंस विस्फोटक पटाखे रखने पर हुई कार्रवाई

जन एक्सप्रेस, पूरनपुर। घर में हुए विस्फोट के बाद एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में बिना लाइसेंस विस्फोटक पटाखे रखने पर चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। दो लोगों का शांति भंग में चालान किया गया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।कोतवाली क्षेत्र के गांव जादौपुर गहलुइया के रहने वाले बन्ने खां पुत्र नन्हें खां मकान में बुधवार दोपहर अचानक तेज धमाका हुआ था। इसके बाद पीले धुएं के पूरा घर भर गया। धमाके में ताज मोहम्मद पुत्र मोहम्मद गुलाम, असलम पुत्र जाकिर नूर, वाहिद अली पुत्र अल्ताफ अली और ताज मोहम्मद की मां हसीन बानो पत्नी मोहम्मद गुलाम घायल हो गई थी। धमाके के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई थी। सभी घायल कोतवाली पहुंचे और मकान में साफ सफाई के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री फटने के बारे में बताया। पुलिस ने पहले घायलों का उपचार कराया। उसके बाद जांच पड़ताल शुरू की। पूछताछ में घायलों के संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने ताज मोहम्मद और वाहिद अली को हिरासत में ले लिया था। घटना के बाद एडिशनल ऐसे विक्रम दहिया ने भी जांच पड़ताल की। कोतवाली में पुलिस ने ताज मोहम्मद और वाहिद अली से पूछताछ की। पुलिस ने इस मामले में हल्का दरोगा प्रदीप मालिक की ओर से ताज मोहम्मद उनकी मां हसीन बानो, वाहिद अली और असलम के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में बताया गया कि बंद मकान उक्त चारों आरोपी बिना लाइसेंस के विस्फोटक पटाखे रखे हुए थे। मकान खाली होने पर किसी को इसकी जानकारी नहीं लग पाई। पटाखों से छेड़छाड़ करने के बाद विस्फोट हुआ। इससे आस-पड़ोस के लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई। आरोपियों के पास पटाखों से संबंधित लाइसेंस भी नहीं है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए ताज मोहम्मद और वाहिद अली का गुरुवार को शांति भंग में चालान कर दिया। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री रखने पर चार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।






