उत्तराखंडकाशीपुरहादसा

सूर्या रोशनी काशीपुर प्लांट में सिलिंडर ब्लास्ट से हादसा

हाइड्रोजन सिलिंडर फटने से एक की दर्दनाक मौत, कई घायल, पैर कटे, शरीर झुलसा; पूरे प्लांट को खाली कराया गया

जन एक्सप्रेस/काशीपुर(उत्तराखण्ड) : सूर्या रोशनी लिमिटेड के काशीपुर स्थित प्लांट में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक हाइड्रोजन सिलिंडर में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।

पैर कटे, शरीर झुलसा – नहीं बच सका जीवन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मृतक के दोनों पैर मौके पर ही कट गए और शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलस गया। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल भेजा गया। हालांकि मृतक को बचाया नहीं जा सका।

प्लांट खाली कराया गया, जांच शुरू
हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने तुरंत पूरे स्टाफ को छुट्टी देकर बसों से घर रवाना कर दिया। प्लांट के भीतर किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने उद्योगों में हाइड्रोजन जैसे खतरनाक गैसों के भंडारण और सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूर्या रोशनी प्रबंधन की ओर से हादसे को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button