:जौनपुरउत्तर प्रदेश

पत्नी का मिटा सिंदूर तीन बच्चे हुए अनाथ

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: शेखपुर सुतौली गांव निवासी युवक की गौसपुर बाजार के पास शनिवार को मामूली बात पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दिए जाने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी उजड़ गई। घटना से जहां पत्नी की मांग उजड़ गई। वहीं दो बेटियां और एक अबोध बेटा अनाथ हो गए। बूढ़े हो चले पिता के चौथेपन का सहारा भी हत्यारों ने छीन लिया।

गांव निवासी जयनाथ यादव के छह पुत्रों में सबसे बड़ा 35 वर्षीय संतोष बाहर रहकर ट्रक चलाता था। उसके अन्य भाई भी विभिन्न शहरों में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। संतोष लगभग एक माह पूर्व घर आया था। खेतीबाड़ी के काम को निपटाकर वह फिर दो चार दिन में जाने वाला था। लेकिन नीयती को कुछ और ही मंजूर था।

शनिवार को वह पंपिंग सेट का डीजल खरीदने बाजार गया था। रास्ते में सड़क पर जमे पानी का छींटा पटरी पर खड़े पिता पुत्र सहित तीन लोगों के ऊपर चला जाता है। बात इस कदर बढ़ी की तीनों ने मिलकर कुल्हाड़ी से वार कर संतोष की निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी होते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। पत्नी अर्चना यादव पति के ग़म मे रोते रोते बेसुध हो जा रहीं हैं। बड़ी बेटी 8 वर्षीय आकृति, 6 वर्षीय अंशी तथा 3 वर्षीय छोटी के आंखों से आसूं रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं बूढ़े पिता का रोते रोते बुरा हाल है। स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। मां की गोद में आठ माह के मासूम पुत्र ऋषि को क्या पता कि होस संभालने से पूर्व ही उसके सिर से बाप का साया उठ चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button