उत्तराखंडदेहरादून

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को मुख्यमंत्री धामी का नमन

कालेश्वर और नैनीताल में बनेंगे सैनिक विश्राम गृह, अनुग्रह राशि बढ़ाकर की गई डेढ़ करोड़

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखंड) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया। गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जिले के कालेश्वर में ईसीएचएस पॉली क्लीनिक और सैनिक विश्राम गृह, तथा नैनीताल में एक सैनिक विश्राम गृह के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उपनल के माध्यम से पूर्व सैनिकों को विदेशों में रोजगार के अवसर प्रदान करेगी, जिसमें 50% सिविलियन भी शामिल होंगे। अब तक उपनल के जरिये 22,500 लोगों को रोजगार मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है, साथ ही 25 लाख रुपये तक की संपत्ति की खरीद पर स्टांप ड्यूटी में 25% की छूट भी दी जा रही है। परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि को बढ़ाकर अब 1.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो पहले 50 लाख थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निर्णय का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। धामी ने यह भी बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में निर्माणाधीन ‘सैन्य धाम’ लगभग पूर्ण हो चुका है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। यह धाम शहीदों की स्मृति में एक जीवंत गाथा के रूप में स्थापित किया जाएगा।

कार्यक्रम में वीर नारियों और वीर माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित बड़ी संख्या में सैनिक, पूर्व सैनिक और उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button