हमीरपुर में आजादी का जश्न देशभक्ति के जज़्बे के साथ मनाया गया
डीएम घनश्याम मीणा और एडीएम रिजवाना शाहिद ने दिया मुल्क की तरक्की में ज़िम्मेदारी निभाने का पैगाम

जन एक्सप्रेस हमीरपुर: स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहाँ जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और देशवासियों को आज़ादी का महत्व याद दिलाया। अपने संबोधन में डीएम ने कहा, “भारत तभी तरक्की करेगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएगा।” उन्होंने शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि हमें मिली आज़ादी संघर्षों और बलिदानों की देन है, जिसे हमें पूरी निष्ठा से सहेजना होगा।
जिलाधिकारी ने जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमीरपुर ने बीते 11 महीनों में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और आईजीआरएस में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। साथ ही, बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने और बच्चों की शिक्षा सुधार की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया है। जिले के 200 से अधिक स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।
“15 अगस्त सिर्फ तारीख नहीं, एक एहसास है” – एडीएम रिजवाना शाहिद
इस मौके पर एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद ने भी संबोधित करते हुए कहा, “15 अगस्त सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि एक एहसास और जज्बा है। हमें अपने मतभेदों को भुलाकर देश की तरक्की के बारे में सोचना चाहिए।” उन्होंने आपसी सौहार्द, एकता और सामूहिक विकास पर बल दिया। डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर ने कहा कि आज़ादी के शहीदों का सपना तभी साकार होगा जब हम सब मिलकर देश को ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने गांधी पार्क पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह वृद्धाश्रम और जिला अस्पताल पहुँचे, जहाँ बुज़ुर्गों और मरीजों को फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। इस मौके पर एडीएम फाइनेंस विजय शंकर तिवारी, सूचना अधिकारी सतीश कुमार, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जगदीश निगम सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।






