उत्तर प्रदेशमहराजगंज

पराली पर सख्ती: किसानों को जागरूक करेगी कृषि विभाग

आईओसीएल खरीदेगा पराली, पशुओं के लिए भी होगा उपयोग: डीएम

जन एक्सप्रेस /  महराजगंज: जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी दशा में पराली या फसल अवशेष नहीं जलने चाहिए। इसके लिए कृषि विभाग व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए और किसानों को शासन के आदेशों व एनजीटी के दिशानिर्देशों से अवगत कराए।
डीएम ने बताया कि शीघ्र ही सैटलाइट के माध्यम से फसल अवशेष जलाए जाने की मॉनिटरिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने 05 अक्टूबर से पहले सभी कंबाइन हार्वेस्टरों का पंजीकरण कराने और मशीनों की जांच सुनिश्चित करने का आदेश दिया। जांच में यह भी देखा जाएगा कि मशीनों में एसएमएस सिस्टम व अन्य आवश्यक उपकरण लगे हों। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्व में पराली जलाने वालों को रेड नोटिस और अन्य किसानों को यलो नोटिस जारी किया जाए। जिलास्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी रखी जाएगी। तहसील स्तर पर गठित टास्क फोर्स को सक्रिय कर किसानों को जागरूक करने के साथ फसल अवशेष जलने से रोका जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई किसान पराली या फसल अवशेष जलाते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को डी-कंपोजर जैसे उपकरणों की जानकारी देकर फसल अवशेष प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे पहले आईओसीएल धुरियापार के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि जिले से अधिकतम पराली की खरीद सुनिश्चित की जाए और इसके लिए एक वेंडर नामित किया जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया कि पशुओं के लिए आवश्यक भूसे हेतु न्यूनतम 25 प्रतिशत पराली खरीदी जाए।
इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, अपर एसडीएम प्रेम प्रकाश पांडेय, डीडीओ बीएन कन्नौजिया, डीडी कृषि संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button