अयोध्या में भक्ति भाव से लबरेज रहा वित्त मंत्री का दौरा
रामलला की भोर आरती से सरयू की भव्य आरती तक, निर्मला सीतारमण ने आध्यात्मिकता में डूबी एक सुबह बिताई

जन एक्सप्रेस अयोध्या:केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार सुबह 6 बजे अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की विशेष श्रृंगार आरती में भाग लिया। वह सुबह 5:45 बजे अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं और लगभग आधे घंटे तक चली आरती में श्रद्धा से शामिल रहीं।
कुबेरेश्वर महादेव और जटायु राज के किए दर्शन
रामलला की आरती के उपरांत सीतारमण ने राम मंदिर परिसर के अन्य मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कुबेरेश्वर महादेव और जटायु राज के दर्शन कर विशेष आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के साथ उन्होंने मंदिर की वास्तुकला और निर्माण से जुड़ी बारीकियों का अवलोकन भी किया।
सरयू आरती में की भागीदारी, दीप प्रवाह से मांगी मनोकामना
गुरुवार सरयू तट पर आयोजित भव्य आरती में निर्मला सीतारमण ने भी भाग लिया। उन्होंने दीप थाली से आरती की और सरयू के पावन जल में दीप प्रवाहित कर मन की शुद्धि और जनकल्याण की कामना की। मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और भजन-कीर्तन के बीच घाट पर एक दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। इस अवसर पर उनके माता-पिता भी उपस्थित थे, जिससे यह पल भावनात्मक रूप से और भी विशेष हो गया।
अयोध्या पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
बुधवार को अयोध्या आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केंद्रीय वित्त मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। स्वागत के दौरान वाद्ययंत्रों की सांस्कृतिक धुनों ने अयोध्या की पावनता में चार चांद लगा दिए। तीन दक्षिण भारतीय संतों की प्रतिमाओं का हुआ अनावरण अयोध्या प्रवास के दौरान निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दक्षिण भारत के तीन महान संतों—त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि—की प्रतिमाओं का अनावरण किया। यह कार्यक्रम बुधवार शाम 4 बजे आयोजित किया गया था।अपने दो दिवसीय अयोध्या प्रवास के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री दोपहर 2:00 बजे दिल्ली रवाना होंगी।






