उत्तरकाशीउत्तराखंड

फर्जी अधिवेशन का विरोध: पत्रकार संगठनों ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र

बड़कोट में पत्रकार संघ और प्रेस क्लब के नाम के दुरुपयोग पर जताई कड़ी आपत्ति

जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी(चंद्रप्रकाश बहुगुणा)।जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी और प्रेस क्लब उत्तरकाशी ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी उत्तरकाशी को प्रार्थना पत्र सौंपकर बड़कोट में उनके नाम से आयोजित किए जा रहे कथित अधिवेशन और सम्मान समारोह को पूर्णतः फर्जी करार दिया है। दोनों संगठनों ने कहा कि कुछ लोग पत्रकार संगठनों के नाम का दुरुपयोग कर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जो गंभीर और चिंताजनक मामला है।पत्र में स्पष्ट किया गया है कि जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी की ओर से बड़कोट में कोई अधिवेशन, बैठक या सम्मान समारोह आयोजित नहीं किया जा रहा है। संघ का विधिवत द्विवार्षिक अधिवेशन गत माह डुंडा में संपन्न हो चुका है, जिसमें जिलेभर के पत्रकारों की उपस्थिति रही और तीन पदों पर सर्वसम्मति से चुनाव भी हुए। संघ की कार्यकारिणी विस्तार प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है।पत्रकारों ने यह भी उल्लेख किया कि प्रेस क्लब उत्तरकाशी इस समय विवादित स्थिति में है और जिलाधिकारी के निर्देश पर इसकी जांच जारी है। इसके बावजूद कुछ असंबद्ध लोग जिला पत्रकार संघ और प्रेस क्लब—दोनों के नाम का सहारा लेते हुए बड़कोट डायट में फर्जी सम्मान समारोह आयोजित कर रहे हैं। यह कार्य भ्रामक, अवैध और दोनों संगठनों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुँचाने वाला बताया गया है।

पत्र में कहा गया कि ऐसे फर्जी कार्यक्रम अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को गलत जानकारी देकर शामिल कराने का प्रयास करते हैं, जो प्रशासनिक दृष्टि से भी अस्वीकार्य है।पत्रकार संगठनों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि संबंधित फर्जी कार्यक्रम में किसी भी अधिकारी को शामिल न होने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ, ताकि भविष्य में पत्रकार संगठनों के नाम का दुरुपयोग न हो सके। प्रार्थना पत्र पर राजेश रतूड़ी, अध्यक्ष प्रेस क्लब उत्तरकाशी, और सुनील थपलियाल, अध्यक्ष जिला पत्रकार संघ उत्तरकाशी, सहित कई पत्रकारों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button