KGMU से जुड़े गंभीर आरोपों पर हिंदू संघर्ष समिति का ज्ञापन, निष्पक्ष जाँच की मांग
मुख्यमंत्री, कुलपति और पुलिस कमिश्नर को सौंपा गया ज्ञापन; कथित जबरन धर्मांतरण व मानसिक उत्पीड़न के आरोप

जन एक्सप्रेस/लखनऊ:हिंदू संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश ने लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े कुछ गंभीर आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, KGMU के कुलपति और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने आरोप लगाया है कि संस्थान से जुड़े एक डॉक्टर द्वारा महिला डॉक्टरों के साथ छल, भावनात्मक दबाव और मानसिक उत्पीड़न किया गया।समिति के अनुसार, यह मामला व्यक्तिगत आचरण, विश्वासघात और कथित जबरन धर्मांतरण से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण एक महिला डॉक्टर ने आत्महत्या का प्रयास किया। समिति का कहना है कि पीड़िता जीवित है और उसने बयान दिया है, जिसके आधार पर निष्पक्ष और गहन जाँच की आवश्यकता है।
समिति की प्रमुख मांगें
नामजद आरोपियों की निष्पक्ष पुलिस जाँच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।यदि आरोप सिद्ध हों तो संबंधित व्यक्ति/व्यक्तियों पर मेडिकल शिक्षा एवं सेवा से प्रतिबंध लगाया जाए।मेडिकल संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, परामर्श और शिकायत निवारण तंत्र को मज़बूत किया जाए।
उच्च शिक्षण संस्थानों में महिला सुरक्षा व जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं, ताकि भावनात्मक शोषण या दबाव के मामलों को रोका जा सके।समाचार लिखे जाने तक प्रशासन या KGMU प्रबंधन की ओर से इस ज्ञापन पर आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है तो क़ानून के अनुसार जाँच की जाएगी।






