उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

फॉर्म-6 भरकर छूटे मतदाता जुड़वाएं नाम: जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत शनिवार को विशेष अभियान तिथि पर प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने 370 विधानसभा क्षेत्र मड़ियाहूं के स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज तथा विकास खंड बरसठी के कंपोजिट विद्यालय गोरापट्टी स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर चल रही कार्यवाहियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। विशेष अभियान तिथि के अंतर्गत मतदाता सूची का वाचन कराया गया तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित नोटिसों की तामील को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। समीक्षा में अधिकांश मतदान केंद्रों पर नोटिसों की तामील शत-प्रतिशत अथवा लगभग पूर्ण पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सम्मिलित होना चाहिए, जिससे कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल एजेंटों से संवाद कर यह भी सुनिश्चित किया कि फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म-7 (नाम हटाने हेतु) एवं फॉर्म-8 (संशोधन हेतु) भरने एवं जमा करने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं हो रही है। बीएलए द्वारा बताया गया कि बीएलओ एवं सुपरवाइजरों द्वारा पूर्ण सहयोग किया जा रहा है और कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो रहा है।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि विशेष अभियान तिथि पर सुनवाई की भी समुचित व्यवस्था की गई है। मतदाता स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से आवश्यक साक्ष्यों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से किया जाएगा।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में बीएलओ का सहयोग करें तथा निर्धारित प्रारूप में प्रमाणित फॉर्म समय से स्वयं जमा कराएं, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से भी सीधा संवाद किया और अपील की कि जिन मतदाताओं को नोटिस निर्गत किया गया है, वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर साक्ष्य का मिलान अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा ग्रामवासियों को कंबल एवं फल भी वितरित किए गए, जिससे प्रशासन की संवेदनशीलता भी देखने को मिली।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नन्दन सिंह सहित समस्त ईआरओ ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित कार्यवाहियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button