उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर जिला कारागार में बंद विचाराधीन बंदी की मौत से हड़कंप

चोरी के आरोप में गिरफ्तार युवक की उपचार के दौरान तोड़ी सांस, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जनपद की जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है, जबकि मृतक के परिजनों ने सरपतहाँ पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
कौन था मृतक?
मृतक की पहचान अजीत कुमार (24 वर्ष) पुत्र बनवारी लाल गौतम, निवासी महमूदपुर (अरसिया), थाना सरपतहा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वह चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर जिला कारागार भेजा गया था और विचाराधीन बंदी के रूप में निरुद्ध था।
कैसे बिगड़ी तबीयत?
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही अजीत कुमार की तबीयत अचानक खराब होने लगी। जेल प्रशासन द्वारा उसे दोपहर लगभग एक बजे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया।
इलाज के दौरान भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और देर रात करीब 9:30 बजे उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल और जेल प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गिरफ्तारी का मामला
गौरतलब है कि दिनांक 19.02.2026 को थाना सरपतहाँ पुलिस ने मु0अ0सं0 41/2026, धारा 305(ए), 331(4), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए अजीत कुमार को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी उ0नि0 शैलेश कुमार सिंह मय हमराह का0 सर्वेश गौड व का0 अनिल कुमार निषाद द्वारा की गई थी।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के कब्जे से पीली व सफेद धातु के जेवरात, दो लहंगे तथा नगद 3000 रुपये बरामद किए गए थे। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस द्वारा अजीत कुमार के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिवार का दावा है कि जेल भेजे जाने के बाद भी उसे समय पर समुचित उपचार नहीं मिला।
परिजनों ने सरपतहाँ पुलिस के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है और निष्पक्ष जांच की अपील की है।
प्रशासन का पक्ष
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस व जेल प्रशासन का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
क्षेत्र में तनाव
युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button