जनता मिलन में सीडीओ ने सुनी 10 शिकायतें, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पौड़ी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं

जन एक्सप्रेस/पौड़ी
पौड़ी जिले में प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गिरीश गुणवंत ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 10 शिकायतें सामने आईं, जिन पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सोमवार को आयोजित इस जनता दर्शन कार्यक्रम में सबसे प्रमुख मुद्दा विकासखंड कल्जीखाल के गुठिंडा क्षेत्र से सामने आया। क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय डबराल ने कल्जीखाल बाजार में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि बाजार में घूम रहे पशु लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इस पर सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और एएमए जिला पंचायत को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्र में घूम रहे पशुओं का चिन्हीकरण कर उन्हें शीघ्र गौसदन में भेजा जाए।
इसके अलावा ग्राम कुंडी, विकासखंड कोट की निवासी आरती देवी ने आर्थिक तंगी के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी कोट को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शहर के एमआईसी रोड क्षेत्र की निवासी लक्ष्मी देवी ने गैस कनेक्शन न मिलने की समस्या रखी। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि फिलहाल नए गैस कनेक्शनों का वितरण रुका हुआ है, हालांकि 5 किलो के छोटे गैस कनेक्शन उपलब्ध हैं। साथ ही एलपीजी बुकिंग और केवाईसी से जुड़ी समस्याओं को लेकर सीडीओ ने गैस एजेंसियों को अतिरिक्त काउंटर खोलने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अनावश्यक भीड़ और परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनता मिलन कार्यक्रम में पेयजल से संबंधित कई शिकायतें भी सामने आईं। कठूड बड़कोट क्षेत्र से डांडा नागराजा पंपिंग योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत आई, जिस पर अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। वहीं गडोली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर जल निगम और जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने को कहा गया।
गडोली वार्ड नंबर 11 के ग्रामीणों ने बुवाखाल बायपास मोटर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, बैठने के लिए बेंच, सोलर लाइट और सड़क के डामरीकरण की मांग की। इस पर नगर पालिका और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पारित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जल संस्थान की पंपिंग योजना से जुड़े ठेका श्रमिकों को हटाने की शिकायत भी सामने आई। इस पर सीडीओ ने बताया कि मामला उप जिलाधिकारी स्तर पर जांचाधीन है और जल्द ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के अंत में सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक गांव में घर-घर पेयजल कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर डीडीओ मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे






