
जन एक्सप्रेस आजमगढ़
जनपद आजमगढ़ में परिवारों को टूटने से बचाने और आपसी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से संचालित “नई किरण” परियोजना के तहत एक पारिवारिक विवाद का सफल निस्तारण किया गया। परिवार परामर्श प्रकोष्ठ में हुई काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी के बीच चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया और दोनों साथ रहने के लिए राजी हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल चार मामलों में दोनों पक्षों को फोन और नोटिस के जरिए बुलाया गया। सभी पक्ष निर्धारित समय पर उपस्थित हुए।
काउंसलिंग और मिडिएशन के दौरान एक मामले में सकारात्मक परिणाम सामने आया। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रही नाराजगी के कारण पत्नी मायके में रह रही थी। परिवार परामर्श प्रकोष्ठ की टीम ने दोनों पक्षों की अलग-अलग और संयुक्त रूप से काउंसलिंग की। बातचीत और समझाइश के बाद दोनों के बीच आपसी सहमति बनी और वे फिर से साथ रहने को तैयार हो गए।
पुलिस विभाग की “नई किरण” परियोजना का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक रिश्तों में आई दूरियों को खत्म कर परिवारों को फिर से जोड़ना है। इस पहल के माध्यम से न सिर्फ घरेलू विवादों का समाधान हो रहा है, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सामंजस्य और सकारात्मक माहौल भी मजबूत हो रहा है। साथ ही ऐसे मामलों के समाधान से न्यायालयों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी मदद मिल रही है।






