आजमगढ़ में गोकशी की सूचना पर पुलिस मुठभेड़, गैंगस्टर समेत 12 मुकदमों का आरोपी घायल

रिपोर्ट :- संतोष कुमार श्रीवास्तव
जन एक्सप्रेस /आजमगढ़ :- गोकशी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची गंभीरपुर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान करीब एक दर्जन मुकदमों में वांछित अभियुक्त विशाल यादव गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
पुलिस के अनुसार थाना गंभीरपुर क्षेत्र में गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अभियुक्त विशाल यादव पुत्र अनिल यादव, निवासी किशनपुर काशीनाथ, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 25 वर्ष के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद करने का दावा किया है।
गैंगस्टर, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म के मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त विशाल यादव के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
अंधेरे का फायदा उठाकर एक बदमाश फरार
मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम और बरामदगी के संबंध में पुलिस की ओर से आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।






