पुरोला के कुमुदेश्वर नागराज मंदिर में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
पुरोला के कुमुदेश्वर नागराज मंदिर में शिव महापुराण कथा शुरू, निकली भव्य कलश यात्रा

जन एक्सप्रेस/पुरोला। उत्तरकाशी जिले के पुरोला नगर स्थित प्रसिद्ध कुमुदेश्वर नागराज मंदिर में 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा निकालकर की गई। कलश यात्रा में क्षेत्र की महिलाओं, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देव डोलियों के सानिध्य में निकली भव्य कलश यात्रा
शुभारंभ अवसर पर नागराज मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। इसमें ओडारू-जखण्डी महाराज की देव डोलियों का सानिध्य रहा। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में हिस्सा लिया। मुख्य बाजार क्षेत्र से निकली कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव और नागराज के जयकारे लगाते रहे। भक्तों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।
कथावाचक गौतम कृष्ण सुनाएंगे शिव महापुराण की महिमा
पुजेली गांव के प्रसिद्ध कथावाचक गौतम कृष्ण जी के सानिध्य में आयोजित इस 11 दिवसीय कथा में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, उनकी लीलाओं, शिवभक्ति और आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण कराया जाएगा। कथा के माध्यम से धर्म, आध्यात्मिकता और जीवन में सद्कर्मों के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कथा श्रवण को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से की भागीदारी की अपील
नागराज मंदिर समिति और आयोजन से जुड़े लोगों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिव महापुराण कथा का श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
कलश यात्रा में मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन नेगी के साथ जयवीर रावत, उपेंद्र असवाल, बृजमोहन, रमेश नौडियाल, ओमप्रकाश, सुरेश सहित क्षेत्र की महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






