
जन एक्सप्रेस/रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक ऑफिस के सामने एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला ने टावर से नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयासों के बाद संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बेटे के खिलाफ दर्ज मुकदमे की चल रही है विवेचना
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान रेखा गोस्वामी (36), पत्नी बाबू गोस्वामी, निवासी जगतपुरी, दिनेशपुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गरुड़, बागेश्वर की रहने वाली है।
पुलिस के मुताबिक, थाना दिनेशपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 192/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78, 79 और पॉक्सो अधिनियम के तहत विवेचना चल रही है। इस मामले में महिला के आरोपी पुत्र को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।
पुलिस ने दबाव बनाने की कोशिश का लगाया आरोप
पुलिस का कहना है कि बेटे के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई के बीच महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। पुलिस के अनुसार, महिला ने इस कदम के जरिए अपने पुत्र के खिलाफ चल रही कार्रवाई को प्रभावित करने और वादी पक्ष व पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस की प्राथमिकता महिला को सुरक्षित नीचे उतारना रही। सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस के साथ फायर विभाग, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयासों से महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
सार्वजनिक मार्ग पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति
महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके चलते सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन और यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और रेस्क्यू अभियान पूरा कराया।
पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नाबालिग पीड़ित की गोपनीयता और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मुकदमे की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।






