
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी। नई टिहरी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पुनर्वास, उद्यान, राजस्व, अवैध निर्माण, दाखिल-खारिज, पेंशन, पेयजल, विद्युत, आवास और आर्थिक सहायता से संबंधित कुल 27 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों और अधिक संख्या में प्रकरण लंबित रखने वाले विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को समयबद्ध और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। सभी विभाग अपने कार्यालयों में सीएम हेल्पलाइन के मामलों की नियमित समीक्षा करें और लंबित शिकायतों की निगरानी सुनिश्चित करें।
पुनर्वास और पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े मामले उठे
जनता मिलन में बौराड़ी निवासी तौफीक अहमद ने टिहरी बांध की झील में पानी भराव के कारण विशेष परिस्थितियों में हटाए गए और प्रभावित परिवारों के स्थायी व्यवस्थापन का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने डीजीएम पुनर्वास को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं, प्रतापनगर के ग्राम भेंतुला निवासी सूर्य प्रकाश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में राजमिस्त्री का सात दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया था, लेकिन अब तक उन्हें पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत राजमिस्त्री किट नहीं मिली है। डीएम ने जीएम जिला उद्योग केंद्र को उनका आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास और सड़क की समस्याओं पर भी हुई सुनवाई
नेल्डा, धारमंडल निवासी सुरेंद्र सिंह रावत ने पीएम आवास उपलब्ध कराने और रजाखेत-नेल्डा मार्ग पर झाड़ियों की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिला विकास अधिकारी को आवास योजना के मानकों के अनुसार आवेदन पर कार्रवाई करने और लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बुरंट, जाखणीधार से पहुंचे ग्रामीणों ने 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण कराने और मार्ग का नाम उत्तराखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व सैनिकों के नाम पर रखने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन तैयारियों को लेकर भी दिए निर्देश
आगामी निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर एएमएफ (न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं) समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल और विद्युत विभाग को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांग मतदाताओं (पीडब्ल्यूडी वोटर) की समय से पहचान करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतें अधिकारी
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ पुरानी शिकायतें भी दोबारा सामने आई हैं, जिन पर पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे। ऐसे मामलों का भी प्राथमिकता से निस्तारण कराया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसएलएओ नीलू चावला, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






