बढ़ते जलस्तर के बीच गोमती मित्रों का श्रमदान, स्वच्छता अभियान जारी
नालों की गंदगी से सफाई में आ रही बाधा, नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी नजर

जन एक्सप्रेस /सुलतानपुर :- गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बीच सीताकुंड धाम में रविवार को गोमती मित्र मंडल का साप्ताहिक स्वच्छता श्रमदान संपन्न हुआ। सुबह छह बजे से ही गोमती मित्रों ने धाम पहुंचकर साफ-सफाई शुरू कर दी। नदी में बढ़ते जलस्तर और नालों के जरिए पहुंच रही गंदगी के कारण सफाई का कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद सदस्यों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को गति दी।
गोमती नदी में सीधे गिर रहे नालों के पानी के साथ बहकर आने वाली गंदगी तेज बहाव के कारण नदी तट पर जमा हो रही है। इससे घाटों और आसपास के क्षेत्र की सफाई में परेशानी आ रही है। हालांकि, गोमती मित्रों ने इन चुनौतियों के बीच भी स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी और नियमित श्रमदान किया।
वर्तमान में शारदीय नवरात्र के चलते सीताकुंड धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी हो गया है। गोमती मित्र मंडल के सदस्य इस दिशा में सक्रियता से जुटे हैं।
इसी क्रम में जिलाध्यक्ष अजीत शर्मा के नेतृत्व में गोमती मित्रों की एक टीम ने बंधुआ कलां स्थित श्री विंध्यवासिनी माता मंदिर परिसर में भी श्रमदान किया। इस दौरान साफ-सफाई कर श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
सीताकुंड धाम में सुबह छह बजे शुरू हुआ श्रमदान सुबह दस बजे तक चला। अभियान में प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह, प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता रमेश माहेश्वरी, दिनकर सिंह, राजेश पाठक, राकेश सिंह दद्दू, मुन्ना सोनी, रामु सोनी, आलोक तिवारी, अजीत शर्मा, अभय मिश्रा, आशु उपाध्याय, अशोक, अरुण अग्रहरि और दीपू सहित अन्य गोमती मित्र मौजूद रहे






