सजायाफ्ता मादक द्रव्य तस्कर गिरफ्तार, 250 ग्राम स्मैक बरामद
नेपाल पुलिस ने भी पकड़े दो मादक द्रव्य तस्कर, पूछताछ जारी

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
रूपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर एक मादक द्रव्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। वह नेपाल स्मैक बेचने के लिए जाने की फिराक में था। उसके पास से 250 ग्राम स्मैक बरामद की गयी है। जिसकी कीमत ढाई करोड़ रूपये बतायी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा श्रीधर पाठक ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर को पूर्व में पुलिस ने मादक द्रव्य तस्करी के आरोप में जेल भेजा था। नेपाल के न्यायालय ने उसे चार साल की सजा सुनाई थी। अभी हाल ही में नेपाल की जेल से छूटकर आया ही था। जिसकी जानकारी होने पर उसकी निगरानी की जा रही थी।
भारत नेपाल सीमा पर मादक द्रव्यों की तस्करी थमने का नाम नही ले रही है। जबकि दोनों देशों की सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां मादक द्रव्य तस्करी के खिलाफ मुहिम चला रही है। आवागमन करने वाले संदिग्ध लोगों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हे जाने दिया जा रहा है।
ढाई करोड़ बतायी जा रही बरामद स्मैक की कीमत
बुधवार को मुखबिर ने सूचना दी की केवलपुर अण्डर पास से होकर एक व्यक्ति नेपाल मादक द्रव्य लेकर जाने की फिराक में है। जिस पर थाने के एसआई अश्विनी कुमार पांडेय, का.राहुल सिंह, रामवीर चैहान व एसएसबी के एएसआई विप्लव घोष, हे. का.सैय्यद मुर्तजा रिजवी व चंद्र प्रताप यादव की संयुक्त टीम ने केवलपुर अण्डर पास के पहुंच कर आने जाने वाले लोगों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इस दौरान वसीम पुत्र स्व0 याकूब निवासी बरथनवा थाना रूपईडीहा स्कूटी से आ पहुंचा। इसे रोककर तलाशी ली गयी। इस दौरान उसके पास से 250 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की कीमत ढाई करोड़ रूपये आंकी गयी है। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि वसीम को करीब साढ़े चार पहले नेपाल पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में नेपाल की अदालत ने उसे चार साल की सजा सुनाई थी।
अभी हाल ही में नेपाल की जेल से रिहा होकर फिर से भारतीय क्षेत्र में रहने लगा था। मुखबिर ने बताया कि वसीम फिर से मादक द्रव्य की तस्करी करने लगा है। जिस पर उसकी निगरानी की जा रही थी। उधर सीमा से लगे नेपाल की जमुनहां पुलिस ने भी दो भारतीय संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक उन दोनों के पास से स्मैक बरामद हुई है। लेकिन अभी नेपाल पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।






