लखनऊ में उमड़ा आस्था का सैलाब: ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के बीच निकली साईं बाबा की चरण पादुका यात्रा
फूलों की वर्षा, भजन संध्या और भव्य आरती के साथ भक्त हुए भाव-विभोर; रात्रि में बाराबंकी के लिए प्रस्थान

जन एक्सप्रेस लखनऊ।राजधानी में शुक्रवार को साईं भक्तों की श्रद्धा देखते ही बन रही थी। शिरडी से पधारी साईं बाबा की पावन चरण पादुकाओं की भव्य यात्रा के दूसरे दिन आस्था का जनसैलाब कपूरथला साईं मंदिर से लेकर ‘द गोल्डन सेलिब्रेशन’ तक उमड़ पड़ा। शंखनाद, ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के बीच निकली पादुका यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया।भक्त नाचते-गाते, जयकारों के साथ साईं बाबा की पादुकाओं को नगर भ्रमण कराते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के चरण पादुकाओं के दर्शन कर अपने आपको धन्य महसूस किया।कार्यक्रम आयोजक राजेश अरोड़ा ने बताया कि दोपहर 1 बजे पूज्य गुरु शुभ्रम बहल ने साईं बाबा की जनसेवा, करुणा और लीलाओं पर आधारित प्रेरक कथा सुनाई।शाम 4 बजे विष्णु तिवारी ने भक्ति रस से ओतप्रोत साईं भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद शाम 6:30 बजे धूप आरती ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया।सायं 7 बजे विश्वप्रसिद्ध भजन गायक पारस जैन ने मंच संभाला और “मेरे घर के आगे साईं नाथ तेरा मंदिर बन जाए”,“शिरडी वाले साईं बाबा आया हूं बनके सवाली”,“साईंनाथ तेरे हजारों हाथ”जैसे लोकप्रिय भजनों से पूरा पंडाल गुंजायमान कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल चरम पर पहुँच गया।प्रवक्ता अनुराग साहू ने बताया कि साईं चरण पादुका यात्रा रात 10 बजे कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद बाराबंकी के लिए प्रस्थान करेगी।भक्तों के लिए यह आध्यात्मिक अनुभव वर्षों तक स्मरणीय रहने वाला है।






