उत्तर प्रदेशचित्रकूट

मानिकपुर में पहली बार 11 बटुकों का उपनयन संस्कार, उमड़ी भारी भीड़

आचार्य कमल द्विवेदी के नेतृत्व में गुरुकुल विस्तार की घोषणा

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट/ मानिकपुर। क्षेत्र के बंधवा स्थित भरोसा राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में सनातन सेवा श्रौतस्मार्त धर्म न्यास गुरुकुलम के तत्वावधान में आचार्य कमल द्विवेदी के नेतृत्व में 11 बटुक ब्राह्मणों का उपनयन (जनेऊ) संस्कार वैदिक विधि-विधान के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
संस्कार के दौरान ब्राह्मण बटुकों को भिक्षा दान दिया गया तथा यजमानों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन की विशेषता यह रही कि मानिकपुर क्षेत्र में इस प्रकार का आयोजन पहली बार इतने बड़े स्तर पर संपन्न हुआ, जिसकी लोगों ने खुलकर सराहना की।
इस अवसर पर आचार्य कमल द्विवेदी ने कहा कि समाज से मिल रहे अपार सहयोग से वे अभिभूत हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल 11 बटुकों का उपनयन संस्कार कराया गया है, लेकिन भविष्य में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। साथ ही मानिकपुर में एक भव्य एवं दिव्य गुरुकुल स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा, जिससे ब्राह्मण बालकों को वेद-शास्त्रों की शिक्षा-दीक्षा मिल सके और सनातन धर्म का व्यापक प्रचार-प्रसार हो।उन्होंने कहा कि गुरुकुल की स्थापना क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी और इससे धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button