जौनपुर में अलविदा जुमे पर मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भारी भीड़

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर रमजान के अलविदा जुमे पर शहर की प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को मुस्लिम समाज में विशेष महत्व होने के कारण बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज़ अदा करने के लिए मस्जिदों में पहुंचे और इबादत में मशगूल रहे।
सबसे पहले शहर की ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) में मौलाना अबू हुरैरा ने नमाज़-ए-जुमा अदा कराई। नमाज़ के बाद उन्होंने मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारा कायम रहने के लिए खास दुआ कराई।
इसके बाद शिया जामा मस्जिद कसेरी बाज़ार में मौलाना महफूजुल हसन खान ने नमाज़ अदा करवाई। यहां भी बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे और नमाज़ के बाद देश में अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
शाही अटाला मस्जिद में मौलाना अहमद नवाज ने नमाज़-ए-जुमा अदा कराई, जबकि मौलाना आफ़ाक़ ने रमजान की फजीलत बयान करते हुए कहा कि रमजान का महीना इबादत और बरकतों का महीना है। इस पाक महीने में मुसलमान तरावीह की नमाज़ अदा करते हैं, जो केवल रमजान में ही पढ़ी जाती है।
वहीं मदरसा हनफिया, नवाब यूसुफ रोड स्थित मदीना मस्जिद में मौलाना अहमद रज़ा ज़ाफ़री ने नमाज़ अदा कराई। इस मौके पर मौलाना कयामुद्दीन ने नमाजियों को संबोधित करते हुए कहा कि रमजान का महीना इबादत के साथ-साथ गुनाहों से बचने और तौबा करने का भी महीना है।
अलविदा जुमे के अवसर पर मस्जिदों में नमाजियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और पूरे शहर में धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा। नमाज़ के बाद सभी ने मुल्क में अमन-चैन, सुख-शांति और तरक्की के लिए दुआ मांगी।






