उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

ब्यूटी पार्लर में घुसकर महिला से अभद्रता, वीडियो बनाने का आरोप

शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई, एसपी से लगाई गुहार

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर मछलीशहर थाना क्षेत्र में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने न तो मेडिकल कराया और न ही मुकदमा दर्ज किया। अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता फातमा पत्नी शाहरूख शाह का कहना है कि 30 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे शादीगंज निवासी सूर्या मौर्य उर्फ पप्पू मौर्य अपने कुछ साथियों के साथ सरकारी अस्पताल के सामने स्थित उनके ब्यूटी पार्लर में जबरन घुस आया। आरोप है कि युवक पार्लर के अंदर वीडियो बनाने लगा।

मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई और धक्का-मुक्की करते हुए महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल मछलीशहर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

पीड़िता का कहना है कि न तो मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई, जिससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। अंततः पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button