शराब के नशे में दोस्त की हथौड़े से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जफराबाद थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी ने दोस्ती को खूनी अंजाम तक पहुँचा दिया।
राम निरंजन इंटर कॉलेज के पास स्थित एक ठेले की दुकान पर दो पुराने दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जानलेवा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, माधव पट्टी के कान्तापुर गांव निवासी ओंकार सिंह ने शराब के नशे में धुत होकर अपने दोस्त गुरु प्रसाद यादव पर हथौड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरु प्रसाद यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी ओंकार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले को लेकर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






