उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ के बाद प्रशासन अलर्ट, एएसपी नगर की सख्ती से संभला माहौल

जौनपुर, जन एक्सप्रेस: जौनपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में भंडारी रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिया समुदाय के एक धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।

जानकारी के अनुसार भंडारी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित धार्मिक स्थल को कुछ शरारती तत्वों द्वारा निशाना बनाया गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए।

मामले की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने तत्काल पुलिस बल को मौके पर रवाना किया और हालात का जायजा लिया। एएसपी नगर ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए और मौके पर मौजूद लोगों से संवाद कर उन्हें शांत रहने की अपील की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस घटना में शामिल दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के समझाने और सख्ती के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। मौके पर एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह सहित कई थानों की पुलिस टीम मौजूद रही और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है।

इस दौरान शिया समुदाय के धर्मगुरु मौलाना महफूजुल हसन खान (प्रिंसिपल, मदरसा नसिरिया) समेत कई गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। समुदाय के लोगों की अपील के बाद माहौल शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो गई।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button