जौनपुर में होली पर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने किया संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: होली के पावन पर्व को जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जौनपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, ड्यूटी प्वाइंटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
दूसरी ओर शहर की सुरक्षा व्यवस्था की कमान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने संभाली। उन्होंने भी विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एएसपी नगर ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर लगातार गश्त बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के लिए पुलिस टीमों को सतर्क रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने आम जनता से भी अपील की कि सभी लोग होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था के चलते जौनपुर में होली का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।






