उत्तराखंडदेहरादून

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में

निर्वाचन की तैयारियों को लेकर डीएम सविन बंसल ने की अधिकारियों की अहम बैठक

देहरादून, 23 जून 2025 (जन एक्सप्रेस)। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को समस्त नोडल अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर और त्रुटिरहित रूप से पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मतदाता सूची का हो गहन निरीक्षण, कोई भी न छूटे मतदान से

बैठक में डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची का सूक्ष्म निरीक्षण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि नामांकन स्थल से लेकर मतदान केंद्रों और मतगणना स्थलों तक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

रूट चार्ट व कंटीजेंसी प्लान तीन दिन में करें तैयार

डीएम बंसल ने निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों को सुरक्षित तरीके से भेजने और वापस लाने के लिए रूट चार्ट और वैकल्पिक योजना (कंटीजेंसी प्लान) तीन दिनों के भीतर तैयार कर ली जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां सक्षम अधिकारियों और आवश्यक संसाधनों की तैनाती की जाए।

स्वास्थ्य व परिवहन सहित सभी विभाग रहें तैयार

चिकित्सा विभाग को बूथ लेवल हेल्थ प्लान बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें फर्स्ट एड किट की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं परिवहन विभाग को पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था तथा रूट चार्ट के अनुसार समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण, सामग्री वितरण और वीडियोग्राफी पर विशेष जोर

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से दिया जाए। मतदान सामग्री, लेखन सामग्री, और मतपत्र समय पर पोलिंग पार्टियों को उपलब्ध कराए जाएं। नामांकन, मतदान, मतगणना, स्ट्रॉन्ग रूम आदि की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के निर्देश भी दिए गए हैं।

नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था करें सुनिश्चित

उन्होंने दूरस्थ और नेटवर्कविहीन क्षेत्रों में वैकल्पिक संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया बाधित न हो। बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था के लिए विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक डीआरडीए विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार के साथ-साथ सभी एसडीएम, बीडीओ और अन्य नोडल अधिकारी वर्चुअल व भौतिक रूप से बैठक में सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button