
जन एक्सप्रेस देहरादून। क्लेमेनटाउन छावनी क्षेत्र में अवैध निर्माण पर अब सख्ती शुरू हो गई है। छावनी परिषद (कैंट बोर्ड) ने द्वारिकापुरी कॉलोनी में 17 अवैध भवनों को चिह्नित करते हुए उन पर लाल निशान लगा दिए हैं। इन भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर स्वयं निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया है। समय सीमा पूरी होने पर इन अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बोर्ड की टीम ने मोरोवाला गांव के पास, बिंदाल नदी के किनारे स्थित इन भवनों का निरीक्षण कर अवैध रूप से निर्मित या निर्माणाधीन मकानों को चिन्हित किया है। बिना मानचित्र स्वीकृति के किए गए इन निर्माणों से शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था। बोर्ड की पिछली बैठक में इस विषय को गंभीरता से उठाया गया, जिसके बाद यह अभियान शुरू हुआ।
छावनी परिषद का कहना है कि यह कार्रवाई केवल द्वारिकापुरी तक सीमित नहीं रहेगी। अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की जांच और कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड अब अवैध निर्माण पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रहा है।
स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर हलचल देखी जा रही है, वहीं बोर्ड का कहना है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






