स्वदेशी अपनाओ, देश बढ़ाओ— कृपाशंकर सिंह ने की स्वदेशी मेले में खरीदारी, लोगों से की अपील
दीपावली से पहले बीआरपी कॉलेज परिसर में सजा स्वदेशी मेला बना लोगों के आकर्षण का केंद्र

जन एक्सप्रेस जौनपुर:दीपावली पर्व के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है और इसी क्रम में बीआरपी कॉलेज परिसर में आयोजित स्वदेशी मेला लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शनिवार को मेले में पहुंचे महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने मेले का अवलोकन किया और कई स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर आत्मनिर्भर भारत को समर्थन देने का संदेश दिया।सिंह ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करते हुए खादी वस्त्र, मिट्टी के दीपक, कुल्हड़, हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री, आचार तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित दीयों और घरेलू उपयोगी वस्तुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि “जब हम स्वदेशी वस्तुएं खरीदते हैं, तो हम देश के कारीगरों, मजदूरों और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं।”उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान को धरातल पर उतारने में ऐसे मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कृपाशंकर सिंह ने कहा, “यह मेला सिर्फ खरीदारी का स्थान नहीं, बल्कि हमारी परंपरा को सहेजने और स्थानीय उद्यमियों को सशक्त बनाने का एक ठोस प्रयास है।”उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस दीपावली स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें, जिससे देश की समृद्ध परंपरा, स्थानीय रोजगार और राष्ट्रीय आत्मनिर्भरता को बल मिले।






