:जौनपुरshahganjUP Breaking Newsउत्तर प्रदेश

चोर को पर्सनल बॉन्ड पर छोड़ने से अधिवक्ताओं में आक्रोश

शाहगंज अधिवक्ता संघ की बैठक में निर्णय, दो दिन तक न्यायिक कार्य से रहेंगे विरत

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: शाहगंज तहशील अधिवक्ता संघ की एक आवश्यक बैठक गुरुवार को संघ अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार यादव एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन संघ के महामंत्री राजीव कुमार सिंह एडवोकेट ने किया। बैठक में न्यायालय से एक शातिर चोरी के आरोपित को पर्सनल बॉन्ड पर छोड़े जाने को लेकर अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के निर्णय से कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और आम जनता में गलत संदेश जाता है। इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा के बाद अधिवक्ता संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मामले के विरोध में अधिवक्ता दो कार्य दिवस तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
अधिवक्ताओं ने यह भी तय किया कि जब तक उपजिलाधिकारी (प्रशासनिक) द्वारा इस विषय पर अधिवक्ता संघ से वार्ता नहीं की जाती, तब तक न्यायालय में किसी प्रकार का कार्य नहीं किया जाएगा। हालांकि आवश्यक मामलों और अन्य न्यायिक कार्यवाही को सामान्य रूप से संचालित होने दिया जाएगा।
बैठक में यह भी अपील की गई कि सभी अधिवक्ता अनुशासन और न्यायालय की गरिमा को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएं।
बैठक में संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार यादव, उपाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, महामंत्री जय प्रकाश यादव, सहमंत्री कल्पना यादव, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, ऑडिटर सहित कार्यकारिणी सदस्य अर्जुन सिंह, महिपेन्द्र कुमार यादव, मो. ताहिर, वीरेन्द्र यादव, विजय कुमार यादव, राकेश कुमार और अजय कुमार सिंह आदि शामिल रहे।
अंत में महामंत्री राजीव कुमार सिंह एडवोकेट ने बताया कि यह निर्णय अधिवक्ता संघ की सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button