उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में सड़क निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, मिट्टी पर बिना पत्थर डाला जा रहा डामर

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में चन्द्रमपुर से शंकरपुरी तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे डामर रोड निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है।

मिट्टी पर सीधे डामर डालने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। न तो सड़क पर उचित मात्रा में पत्थर (रोड़ी) डाली गई और न ही बेस लेयर को मजबूत किया गया। आरोप है कि मिट्टी के ऊपर ही सीधे डामर डालकर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बाढ़ क्षेत्र में हर साल कट जाते हैं संपर्क मार्ग

बताया जा रहा है कि सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र का यह इलाका गंगा, रामगंगा और गम्भीरी नदियों से घिरा हुआ है। हर वर्ष बाढ़ के कारण यहां के संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसे में चन्द्रमपुर से शंकरपुरी तक पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों में खुशी थी।

गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर नाम मात्र की रोड़ी डाली गई है और सीधे डामर बिछाकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा गुणवत्ता को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button