नन्हे कलाकारों की प्रतिभा से सजा प्रा. विद्यालय प्रथम का वार्षिकोत्सव
ठूठीबारी के प्राथमिक विद्यालय में पहली बार वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, देर रात तक गूंजती रहीं तालियां

जन एक्सप्रेस/ठूठीबारी: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित ठूठीबारी नगर के प्राथमिक विद्यालय प्रथम में पहली बार वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शनिवार देर रात तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देश भक्ति गीत, नृत्य, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित अभिभावक और अतिथि मंत्रमुग्ध हो उठे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को अंकपत्र और मेडल देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षा संघ निचलौल के ब्लॉक अध्यक्ष शशिकेष तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के नौनिहाल ही देश का भविष्य हैं। उन्हें सही शिक्षा, संस्कार और मंच देने की आवश्यकता है, ताकि उनकी प्रतिभा निखरकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर सके। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वही सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका ममता गुप्ता के नेतृत्व में विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही, जबकि सफल मंच संचालन बलराम पाठक ने किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रंजीता मद्धेशिया, वरिष्ठ शिक्षक विशम्भर पाठक, एआरपी विनोद मिश्रा, मदन गोपाल गुप्ता, पूर्व प्रधान उमा सिंह, ओम प्रकाश गुप्त, अतुल रौनियार, व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







