हरदोई के सवायजपुर में रामलीला मंच निर्माण को मिली मंजूरी

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जनपद की सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड बावन के ग्राम बरबन और विकास खंड भरखनी के ग्राम लखनौर में प्रदेश के संस्कृति मंत्रालय द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन गांवों में रामलीला मंच सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति के साथ 33 लाख रुपए भी आवंटित कर दिए गए है। विधायक सवायजपुर, माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू के प्रयासों से मिली इस मंजूरी में करीब 3.73 करोड़ रुपये (373 लाख रुपये) की लागत से प्रस्तावित इन योजनाओं के तहत दोनों गांवों में रामलीला मंच का निर्माण किया जाएगा। जिससे स्थानीय स्तर पर श्रीराम लीला और अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का विधिवत संचालन संभव हो सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक परंपराओं को सशक्त आधार मिलने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता भी बढ़ेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक प्रतिनिधि डॉ रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत केवल मंच निर्माण ही नहीं, बल्कि आयोजन से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इनमें संत निवास (आवासीय सुविधा), कलाकारों के लिए चेंजिंग रूम, पेयजल तथा दर्शकों और आयोजनों के लिए उपयुक्त आधारभूत संरचना का विकास शामिल है। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जनरेटर और सोलर लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे रात्रिकालीन आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। स्थानीय लोगों में इन परियोजनाओं को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि इन विकास कार्यों से न केवल धार्मिक आयोजनों को नया स्वरूप मिलेगा, बल्कि गांवों की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिलेगी।






