
जन एक्सप्रेस/प्रयागराज/कौशांबी।ट्रेन से प्रयागराज जा रहे आशुतोष ब्रह्मचारी पर कथित हमले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी नाक कटने की बात सामने आई है।बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन के शौचालय में घुस गए और वहीं से उन्होंने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल आशुतोष ब्रह्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने हाल ही में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सहित अन्य लोगों के खिलाफ बाल यौन शोषण से जुड़े आरोपों को लेकर पास्को ऐक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। इस प्रकरण के बाद से मामला पहले से ही चर्चा में बना हुआ है।इधर इस पूरे घटनाक्रम पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि आशुतोष ब्रह्मचारी सुरक्षा पाने के लिए “ड्रामा” कर रहे हैं।
फिलहाल रेलवे पुलिस बल और जीआरपी ने मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ से पूछताछ की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।






