अयोध्याउत्तर प्रदेशलखनऊ

अयोध्या: योगी सरकार ने अयोध्या में पंचवटी आश्रय स्थल का कराया निर्माण…

अयोध्या/ लखनऊ: अयोध्या धाम में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद देश भर से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और खाने-पीने के लिए योगी सरकार ने अयोध्या में पंचवटी आश्रय स्थल का निर्माण कराया है। यहां एक साथ ढाई हजार लोग रुक सकते हैं। यहां रुकने और खाने पीने के लिए श्रद्धालुओं को एक रुपए भी नहीं खर्च करना होगा। अयोध्या नगर निगम द्वारा संचालित पंचवटी आश्रय स्थल के साथ ही शुक्रवार को सीएम योगी ने अयोध्या धाम में स्थित दो अन्य टेंट सिटी का मुआयना किया और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिया कि इन टेंट सिटी में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए।
भगवान राम के प्रति श्रद्धा का होगा बोध 
सीएम योगी ने सूर्या पैलेस के बगल में और धर्मू का पुरवा स्थित आवास विकास परिषद की टेंट सिटी का मुआयना किया। इसी दौरान वह हनुमान गुफा चौराहे के पास स्थित पंचवटी आश्रय स्थल भी पहुंचे। उन्होंने यहां तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पंचवटी आश्रय स्थल में श्रद्धालुओं के रुकने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई है। यहां प्रवेश करते ही सबसे पहले भगवान राम की बड़ी सी खड़ाऊ के दर्शन होते हैं। यह खड़ाऊ त्रेतायुग में श्रीराम की उस खड़ाऊ की स्मृति में बनाई गई है जिसे उनके भाई भरत ने सिंहासन पर रखकर अयोध्या का राजकाज चलाया था। इसके ठीक सामने बाईं तरफ भगवान राम का धनुष कोदंड भी स्थापित किया गया है। यह भगवान राम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। इसके अलावा पूरे परिसर में भगवान राम से जुड़ी स्मृतियों को वॉल पेंटिंग और अन्य माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है, जिससे यहां आने वाले लोगों की भगवान राम के प्रति श्रद्धा एक अलग ही स्तर पर पहुंच रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button