आजमगढ़ जेल अधीक्षक आदित्य कुमार निलंबित
वित्तीय अनियमितताओं और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पर हुई कार्रवाई

जन एक्सप्रेस, लखनऊ |उत्तर प्रदेश के कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग ने जिला कारागार, आजमगढ़ के अधीक्षक आदित्य कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और पदीय कर्तव्यों के सम्यक निर्वहन में विफलता के आरोपों के चलते की गई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर महानिरीक्षक कारागार धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जांच में यह पाया गया कि जनवरी 2024 से 10 अक्टूबर 2025 के बीच जिला कारागार, आजमगढ़ के केनरा बैंक खाते से कई चेकों के माध्यम से अवैध रूप से धनराशि आहरित की गई। इस गड़बड़ी के लिए अधीक्षक आदित्य कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी माना गया है।गंभीर वित्तीय अनियमितताओं को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से कारागार मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही आगे की विभागीय जांच की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।






