आजमगढ़: रौनापार पुलिस ने किया शातिर गैंग का भंडाफोड़, 3 बाल अपचारी हिरासत में

जन एक्सप्रेस/ आजमगढ़ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रौनापार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए 03 बाल अपचारियों (नाबालिगों) को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि इनका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
क्या था पूरा मामला?
बीते रविवार (05.04.2026) को थाना रौनापार क्षेत्र की एक महिला दुकानदार ने तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर बिस्किट, सिगरेट और लगभग ₹1300 नगद चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 84/2026 धारा 331(4)/305 (BNS) के तहत केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा के कुशल पर्यवेक्षण में रौनापार पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार (06.04.2026) की सुबह करीब 04:10 बजे सरजू नदी पुल (बेलहिया ढाला) के पास से 03 बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर इनका एक साथी भागने में सफल रहा।
पुलिस को हुई ये बड़ी बरामदगी:
हिरासत में लिए गए आरोपियों की जामा तलाशी और निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया:
-
06 अदद विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन।
-
02 अदद नाजायज तमंचा (.315 बोर)।
-
02 अदद जिंदा कारतूस (.315 बोर)।
-
01 अदद चोरी की मोटरसाइकिल।
-
₹5,100 नगद (लूट और चोरी के)।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/317(4) BNS और 9/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
कई थानों की वारदातों का कबूलनामा
पूछताछ के दौरान पकड़े गए बाल अपचारियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने न सिर्फ रौनापार बल्कि बिलरियागंज और अहरौला थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस फरार चल रहे चौथे बाल अपचारी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस टीम को मिली कामयाबी
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (S.S.I.) राम अनुज शुक्ला, उपनिरीक्षक (S.I.) शिवम मिश्रा, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल अमरेश पासवान, उपेंद्र यादव, अनिकेत शुक्ला और कांस्टेबल जितेंद्र प्रसाद शामिल रहे।






