बरेली हिंसा मामला: मौलाना तौकीर रजा समेत 8 लोग जेल भेजे गए
24 नामजद, 2000 अज्ञात लोगों पर दर्ज हुई FIR | पुलिस की पूछताछ जारी | CM की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/ बरेली: बरेली में हाल ही में भड़की हिंसा के मामले में मौलाना तौकीर रजा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने मौलाना समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि इस मामले में 24 लोगों को नामजद और करीब 2000 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हिंसा के दौरान शहर में कई जगह तनाव का माहौल बन गया था, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए।
बरेली पुलिस अब तक 39 उपद्रवियों से पूछताछ कर रही है, जिनमें से कई की भूमिका संदेह के घेरे में है। सूत्रों के अनुसार, हिंसा की साजिश को लेकर पुलिस ने कई डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद पूरे मामले में पुलिस प्रशासन तेजी से सक्रिय हुआ है और लगातार छापेमारी व पूछताछ की जा रही है।
घटना को लेकर आज थोड़ी देर में बरेली के डीएम और एसएसपी एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें अब तक की जांच, गिरफ्तारियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रशासन की तरफ से साफ संकेत हैं कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो।






