शाहगंज यार्ड से बैटरी चोरी का खुलासा: चार गिरफ्तार, आठ बैटरियां बरामद

जन एक्सप्रेस/शाहगंज/जौनपुर: शाहगंज स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप बने यार्ड से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने यार्ड में खड़ी बैटरियों को निशाना बनाते हुए तार काटकर आठ बैटरी चोरी कर ली। घटना का पता चलते ही यार्ड कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना आरपीएफ को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार दिवाकर ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
जानकारी मिलते ही टीम ने नगर के एराकियाना मोहल्ला स्थित बारादरी इलाके में दबिश दी। यहां कबाड़ की दुकान से 44 वर्षीय मान सिंह पुत्र मुन्ना लाल, निवासी सरपतहा थाना क्षेत्र के सराय मोहद्दीनपुर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान चोरी की बैटरियों के लेनदेन का खुलासा हुआ। इसके बाद टीम ने एक और कबाड़ दुकान स्वामी 24 वर्षीय दीपांशु पुत्र सुरेश यादव, निवासी नयी आबादी मोहल्ला को भी पकड़ लिया। दोनों दुकानदारों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चोरी की गई बैटरियां खरीदी थीं।
कबाड़ कारोबारियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज की। अयोध्या मार्ग स्थित पानी टंकी के पास से दो असली चोरों को दबोचा गया। इनमें 22 वर्षीय राजन पुत्र बालकनाथ और 19 वर्षीय करन उर्फ विजय पुत्र जोगेंद्र शामिल हैं, जो खानाबदोश जीवन जीते थे। इन दोनों के पास से चोरी की गई आठ बैटरियां और 10 टर्मिनल बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। आरपीएफ टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय के लिए चालान भेज दिया। इस सफल कार्रवाई में इंस्पेक्टर सुनील कुमार दिवाकर के साथ उपनिरीक्षक जे. पी. बहुगुणा, उपनिरीक्षक रमेश यादव और कांस्टेबल जनार्दन यादव की सक्रिय भूमिका रही। टीम की तत्परता से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई और एक बड़े अपराध का खुलासा किया जा सका।






