उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

महराजगंज: डीएम के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में परतावल और घुघली के बीडीओ नदारत, मांगा स्पष्टीकरण

निचलौल बीडीओ मतदाता सूची निरीक्षण में व्यस्त मिलीं

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: जनपद में अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली को लेकर जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा सख्त हो गए हैं। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई औचक जांच में परतावल और घुघली के खंड विकास अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
वहीं, निचलौल की बीडीओ शमा सिंह कार्यालय में न होकर ब्लॉक परिसर में संभावित डुप्लीकेट मतदाता सूची का निरीक्षण करती हुई मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दर्शन के समय केवल जनता दर्शन का कार्य ही किया जाए, अन्य कार्य अपरिहार्य स्थिति में ही किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और क्षेत्रीय भ्रमण अनिवार्य है। उन्होंने चेताया कि किसी भी स्थिति में गैरहाजिरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीडीओ को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा, ताकि नागरिक अपनी समस्याएं सीधे रख सकें। डीएम शर्मा ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में उपस्थिति या कार्य निष्पादन में लापरवाही पाए जाने पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने कार्यालयों में समय से उपस्थित रहें और अपने अधीनस्थों की उपस्थिति तथा ग्राम स्तर तक योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी जनता से निरंतर संवाद बनाए रखें, शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण करें तथा क्षेत्रीय भ्रमण की रिपोर्ट नियमित प्रस्तुत करें। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी का यह सख्त कदम विभागों में बढ़ती शिथिलता और समयपालन की शिकायतों को देखते हुए उठाया गया है। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी डीएम ने सभी एसडीएम और जिलास्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की जांच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की थी।
इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी और कर्मचारी अब अपनी उपस्थिति और कार्यशैली को लेकर सजग दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button