गणतंत्र दिवस पूर्व जन भवन में गूंजा देशभक्ति का स्वर, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जन एक्स्प्रेस।लखनऊ।गणतंत्र दिवस के अवसर से पूर्व जन भवन, लखनऊ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने पूरे जन भवन को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों तथा राजकीय बालिका गृह की बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह का मन जीत लिया। बच्चों की कला, आत्मविश्वास और अनुशासन की राज्यपाल ने जमकर सराहना की।अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, परिश्रम और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। साथ ही “मनुष्य तू बड़ा महान है” गीत के सामूहिक गायन पर विशेष जोर दिया।
राज्यपाल ने सुंदर हैंडराइटिंग को बच्चों की पहचान बताते हुए इस पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की। इसके साथ ही स्वच्छता, कर्तव्य पालन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।






