उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगलखनऊ

चोरी से पहले भूख लगी थी’: लखनऊ में चोरों ने पहले बनाई मैगी, एसी में बैठकर खाई, फिर की आराम से चोरी

इंदिरा नगर में रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर चोरी का अनोखा मामला, चोरों ने चोरी से पहले किचन में पकाई मैगी, फिर ठंडे कमरे में खाकर की वारदात

जन एक्सप्रेस, लखनऊ। लखनऊ के इंदिरा नगर सी ब्लॉक इलाके में एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी के घर चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जिसमें चोरों ने पहले आराम से मैगी बनाई, उसे एसी रूम में बैठकर खाया और चोरी को अंजाम देने से पहले आराम भी किया। इस ‘आरामदायक चोरी’ की कहानी जानकर पुलिस भी हैरान है।

घटना मंगलवार रात की है। पीड़ित के मुताबिक, वह किसी पारिवारिक समारोह में गए थे और घर बंद था। जब वह अगली सुबह लौटे तो देखा कि घर के दरवाजे टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। लेकिन सबसे हैरानी की बात थी— रसोई में गैस पर चढ़ी खाली कड़ाही, आधा खुला मैगी का पैकेट और कमरे में बिखरे दो खाली प्लेट।

मैगी बना, खाया, रेस्ट किया और फिर चोरी की

जांच में सामने आया कि चोरों ने पहले घर की तलाशी ली, फिर किचन में जाकर गैस स्टोव जलाया और मैगी पकाई। इसके बाद वे एसी वाला कमरा तलाशते हुए उसमें पहुंचे और आराम से मैगी खाई। कुछ देर आराम करने के बाद चोरी की योजना पूरी की और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।पुलिस अधिकारी ने बताया, “घटना स्थल देखकर लगता है कि चोरों को कोई जल्दबाज़ी नहीं थी। वे शायद पहले से जानते थे कि घर खाली है। जिस इत्मीनान से खाना बनाया गया है, वह असामान्य है।”

सीसीटीवी में सुराग की तलाश, पुलिस की जांच जारी

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में घर से गहने, नकदी और कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब होने की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

स्थानीय लोग हैरान, पुलिस पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने के कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। वहीं इस घटना ने चोरों की नई ‘लाइफस्टाइल’ को भी उजागर किया है—अब चोर न सिर्फ चुपचाप चोरी कर रहे हैं, बल्कि पहले आराम से ‘डिनर’ भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button