चित्रकूट में रिमझिम बारिश के बीच बड़ा हादसा — सवारियों से भरा ई-रिक्शा ट्रक से टकराया, चार गंभीर घायल
पहाड़ी थाना क्षेत्र के चकवन में हुआ हादसा, 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (हेमनारायण हेमू)।जनपद चित्रकूट के थाना पहाड़ी क्षेत्र अंतर्गत चकवन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रिमझिम बारिश के बीच सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया।इस हादसे में चार सवारियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य तीन लोग भी मामूली रूप से घायल हुए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और सभी घायलों को जिला अस्पताल चित्रकूट भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
चार सवारी परमिट, लेकिन चल रहा था आठ सवारियों के साथ
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय ई-रिक्शा में कुल सात से आठ सवारियां बैठी थीं, जबकि ऐसे रिक्शों के लिए चार सवारी का परमिट निर्धारित है।स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में परमिट नियमों का उल्लंघन कर ओवरलोड ई-रिक्शे चलना आम बात बन गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।सूचना पर पहाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा एवं ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिससे चालक का नियंत्रण ई-रिक्शा पर नहीं रहा।इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ई-रिक्शा ओवरलोडिंग और परमिट नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






