दो महिला वारंटी दबोचीं शाहगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के निर्देशन में शाहगंज थाना पुलिस ने शुक्रवार को दो महिला वारंटियों को उनके घरों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों लंबे समय से मुकदमों में अदालत द्वारा जारी वारंट पर फरार चल रही थीं। पुलिस टीम ने सुबह कार्रवाई करते हुए पहले राजापुर सहावे निवासी संगीता पत्नी नन्हकू राजभर को हिरासत में लिया। संगीता के खिलाफ वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमा संख्या 090/2023 में धारा 323, 427, 452, 504 और 506 आईपीसी के तहत वारंट जारी था।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने डोमनपुर की निवासी बिंध्या देवी पत्नी रामअवतार को गिरफ्तार किया। बिंध्या के विरुद्ध वर्ष 2011 के मुकदमा संख्या 0913/2011, स्टेट बनाम कुलदीप उर्फ मोनू में धारा 363, 504 और 506 भादवि के तहत न्यायालय द्वारा वारंट जारी था। दोनों अभियुक्ताओं को थाना पुलिस ने आवश्यक पूँछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर न्यायालय भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राम विचार, कांस्टेबल कृपानंद प्रजापति तथा महिला कांस्टेबल आरती गोंड शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और जल्द ही शेष वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।





