ज़हरीली कफ़ सिरप कांड में बड़ी कार्रवाई, एसटीएफ का बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह गिरफ़्तार

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: मासूम बच्चों की जान लेने वाले ज़हरीली कफ़ सिरप कांड में आखिरकार बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे एसटीएफ के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, आलोक सिंह ने लखनऊ की अदालत में सरेंडर के लिए आवेदन दिया था, लेकिन मामले में बढ़ते जनदबाव और राजनीतिक हलचल के बीच सरेंडर का रास्ता आसान नहीं दिख रहा था। इसी बीच देर रात लखनऊ से उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई।
गौरतलब है कि कफ़ सिरप से मौतों का यह मामला उत्तर प्रदेश में बड़ा मुद्दा बन चुका है। कई जिलों में जहरीली कफ़ सिरप की खेप मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग से लेकर पुलिस महकमे तक सवालों के घेरे में आ गए थे। आरोप है कि इस अवैध तस्करी और मिलावटी दवाओं के कारोबार में आलोक सिंह की भूमिका बेहद अहम थी। उसके फरार होने के बाद विपक्ष ने भी सरकार पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया था।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस पूरे काले कारोबार में कई बड़े चेहरे शामिल हैं, जिनकी परतें अब खुलने लगी हैं। आलोक सिंह की गिरफ्तारी को इस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।
इस गिरफ्तारी ने एक संदेश साफ कर दिया है—
सब यहीं हैं, हमारे आसपास। फर्क सिर्फ इतना है कि सच को देखने के लिए कब आंखें खोलने का समय तय करते हैं।
जैसे ब्रह्म सर्वत्र मौजूद है, बस माया के मोह में हम ही आंखें बंद किए रहते हैं।
फिलहाल पुलिस आलोक सिंह को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस मौत के सौदागरों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।






