आजमगढ़उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

आजमगढ़ में गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: इण्डेन वितरक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

जन एक्सप्रेस/आजमगढ़: जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर बिलरियागंज स्थित तौहीद इण्डेन ग्रामीण वितरक बनकट के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक ने उक्त गैस एजेंसी के गोदाम पर औचक निरीक्षण किया, जिसमें 642 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की संदिग्ध स्थिति पाई गई। जांच में कालाबाजारी और अनियमितता के संकेत मिलने पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद एजेंसी संचालक प्रो. तौहीद और शबाना बानो के खिलाफ थाना मुबारकपुर में मामला दर्ज कराया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद प्रभावित उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ने बताया कि सफर ताज इण्डेन गैस एजेंसी को अस्थायी रूप से संबंधित उपभोक्ताओं को गैस रिफिल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इस एजेंसी के माध्यम से गैस रिफिल, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

बताया गया कि 16 मार्च 2026 के बाद की लगभग 750 ऑनलाइन बुकिंग को इसी वैकल्पिक एजेंसी के माध्यम से डिलीवर किया जा रहा है। साथ ही संबंधित एजेंसी के 13,500 उपभोक्ताओं को कस्टमाइज्ड मैसेज और ऑटोमेटेड कॉल के जरिए नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि वे गैस सिलेंडर रिफिल के लिए अब सफर ताज इण्डेन गैस एजेंसी, अजमतगढ़ से संपर्क करें। इसके अलावा किसी भी समस्या के समाधान के लिए पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा और इंडेन गैस के सेल्स ऑफिसर प्रिंस प्रभात से भी संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने दोहराया कि जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button