utrakhandउत्तरकाशी

विकासनगर में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन रेड पड़ते ही नदी में उतार दिए वाहन, 11 महीनों में ₹1 करोड़ से अधिक की वसूली

जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- उत्तराखंड में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। विकासनगर क्षेत्र में सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद की अगुवाई में चल रहे अभियान ने खनन माफियाओं में खलबली मचा दी है। हाल ही में मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी कार्यशैली और विभागीय कार्रवाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा किया।

पंकज चंद ने बताया कि पिछले 11 महीनों के दौरान डोईवाला, मसूरी, देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर समेत कई क्षेत्रों में अवैध खनन, अवैध भंडारण, अनियमित समतलीकरण और अवैध बेसमेंट खुदाई के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया। इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप विभाग ने ₹1 करोड़ से अधिक का राजस्व और जुर्माना वसूला है।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान उनकी प्राथमिकता केवल कानून का पालन कराना है। पंकज चंद के अनुसार, जब वे छापेमारी के लिए निकलते हैं तो किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव से बचने के लिए फोन कॉल तक रिसीव नहीं करते। उनका कहना है कि उनका ध्यान केवल अपने कर्तव्य के निर्वहन पर रहता है।

हाल ही में विकासनगर में हुई एक कार्रवाई के दौरान उनकी टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, अवैध खनन में लिप्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई से बचने के प्रयास में कुछ लोग अपने ट्रैक्टर और अन्य वाहन लेकर नदी की ओर भाग गए। इस घटना ने क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासनिक सख्ती को लेकर व्यापक चर्चा छेड़ दी है।

सहायक खनिज पर्यवेक्षक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की सिफारिश या प्रभाव कार्रवाई में बाधा नहीं बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button