उत्तर प्रदेशमहराजगंजमहराजगंजराज्य खबरें

नेपाल में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर बड़ा फैसला

बढ़ती मांग और वैश्विक हालात के बीच 7.1 किलो सिलेंडर आधी कीमत पर देने की घोषणा

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: मित्र राष्ट्र नेपाल में बढ़ती मांग और वैश्विक परिस्थितियों के बीच एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर नेपाल सरकार ने अहम निर्णय लिया है। सरकारी स्वामित्व वाली नेपाल आयल निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 7.1 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर रियायती दर पर उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हाल के महीनों में काठमांडू घाटी सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में एलपीजी गैस की मांग लगातार बढ़ रही है। निगम नियमित रूप से मांग के अनुरूप गैस का आयात और वितरण कर रहा है, लेकिन पिछले दो–तीन महीनों से राजधानी क्षेत्र में मांग सामान्य से अधिक दर्ज की गई है। प्रेस नोट में बताया गया है कि मध्य‑पूर्व में जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर नेपाल पर भी पड़ा है। इसके अलावा नेपाल को गैस आपूर्ति करने वाले पड़ोसी देश भारत में भी गैस आपूर्ति और वितरण से जुड़ी चुनौतियों की खबरें सामने आई हैं।

इन परिस्थितियों के चलते नेपाल में उपभोक्ताओं द्वारा आवश्यकता से अधिक गैस खरीदकर भंडारण करने की प्रवृत्ति भी बढ़ी है। इसे नियंत्रित करने और सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम ने विशेष कदम उठाए हैं। इसी क्रम में 13 मार्च से अगली सूचना तक 7.1 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को प्रति सिलेंडर 955 नेपाली रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर अतिरिक्त गैस की खरीदारी और भंडारण न करें तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार ही एलपीजी गैस खरीदें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button