अमेठीउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

अमेठी में महिला BLO से मारपीट का आरोप, भाजपा जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप

वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के दबाव के विरोध पर महिला BLO के साथ अभद्रता, अखिलेश यादव ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

जन एक्सप्रेस/अमेठी: जनपद अमेठी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा के जिला अध्यक्ष ने एक महिला BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा भी उत्पन्न की।पीड़िता महिला BLO के अनुसार, भाजपा जिला अध्यक्ष ने उन पर PDA समाज के मतदाताओं के नाम जबरन वोटर लिस्ट से कटवाने तथा भाजपा समर्थकों के नाम बढ़वाने का दबाव बनाया। जब महिला BLO ने निर्वाचन नियमों का हवाला देते हुए इस अवैध दबाव को मानने से इनकार किया, तो उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग, धमकी और मारपीट की गई।

घटना के दौरान जब पीड़िता के पति ने पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोप है कि भाजपा जिला अध्यक्ष ने उनका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। यह कृत्य न केवल आपराधिक है, बल्कि महिला कर्मचारी की गरिमा और सुरक्षा पर सीधा हमला माना जा रहा है।इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों पर दबाव बनाना और महिला अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो पार्टी की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल अमेठी भेजा जाएगा।वहीं, इस पूरे मामले में अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जनपद में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और आमजन निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button